
गुवाहाटी, 27 फरवरी (हि.स.)। नगांव जिले की बागोरी में पुलिस ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित याबा टैबलेट और कछार जिले के दिगरखाल से पुलिस ने भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब जब्त किया है।

इसकी जानकारी मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया के जरिए दी है। मुख्यमंत्री द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार बागोरी में 8000 याबा टैबलेट समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त की गई याबा टैबलेट की कीमत लगभग 4 करोड रुपए आंकी गई है।

वहीं अन्य एक अभियान के दौरान दिगारखाल इलाके में पुलिस ने 918 लीटर अंग्रेजी शराब को जब्त किया है। जिसे बड़े ही शातिराना तरीके से वाहन के अंदर छुपा कर तस्करी की जा रही थी। शराब की तस्करी मामले में शामिल एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस दोनों ही मामलों में एनडीपीएस धाराओं के तहत अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार तीनों तस्करों से सघन पूछताछ कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / असरार अंसारी
