दुमका, 30 जनवरी (हि.स.)। जिले के मसलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत दुमका-नाला मुख्य मार्ग पर शिकारपुर के समीप एक भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान नाला थाना क्षेत्र के महेशमुंडा निवासी बबलू सिंह के रूप में हुई।

जानकारी के अनुसार बबलू सिंह अपनी पल्सर बाईक से किसी निजी कार्य से दुमका की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने माने तो बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान शिकारपुर के पास सड़क पर चल रहे एक टोटो को बाइक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बबलू सिंह बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरे और उनके सिर में गंभीर चोट आयी। हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं घटना में टोटो चालक भी गंभीर रूप से घायल हो गये।
घटना के बाद आस-पास के ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मसलिया थाना पुलिस मौके पर पहुंच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने मृतक के पास से मिले दस्तावेजों के आधार पर उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नीरज कुमार
