
पूर्वी सिंहभूम, 08 फ़रवरी (हि.स.)। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत सुनसुनिया गेट के पास रविवार शाम एक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। स्टेशन से साकची की ओर यात्रियों को लेकर जा रहा एक तेज रफ्तार पैसेंजर ऑटो अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क पार कर रहे एक मालवाहक टेलर से जोरदार टक्कर मार बैठा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के वक्त ऑटो में कुल तीन यात्री सवार थे। टक्कर के बाद एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की तत्परता से तुरंत एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत अब भी नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। मृतक की पहचान
साकरी लेंगी (निवासी: मंझारी, चाईबासा और घायल की संदीप पूर्ति (निवासी: कीताडीह) के रूप में हुई है। घायल टेम्पो चालक शराफत हुसैन ने बताया कि वह स्टेशन से तीन सवारी लेकर साकची की ओर जा रहा था। इसी दौरान सुनसुनिया गेट के पास एक ट्रेलर गलत दिशा से सड़क पार कर रहा था, तभी यह हादसा हो गया।हादसे में उसे भी हल्की चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची, क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चालक के नशे में होने की पुष्टि के लिए मेडिकल जांच कराई जा रही है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद पाठक
