जयपुर, 12 मार्च (हि.स.)। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस नेताओं के गैस, तेल और खाद्य सामग्री की कमी के आरोपों को भ्रामक बताते हुए कहा कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की किल्लत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस झूठ फैलाकर जनता में डर और भ्रम का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।

राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जुली के बयानों पर पलटवार करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर तनाव के कारण आपूर्ति शृंखला में चुनौतियां जरूर आई हैं, लेकिन नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की नीतियों से देश पर इसका प्रभाव सीमित रहा है।
उन्होंने कहा कि जमाखोरी और कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा प्रदेश में गैस, तेल और खाद्य सामग्री का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने दावा किया कि राज्य में डबल इंजन सरकार 61 लाख से अधिक परिवारों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध करा रही है और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश
