नई दिल्ली, 08 फ़रवरी (हि.स.)। शाहदरा जिले के गीता कालोनी इलाके में तेेजाब पीने से 16 साल की किशोरी की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। किशोरी के परिजनों ने उसके पति पर जबरन तेजाब पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस का दावा है कि जुलाई माह में दोनों परिवारों की सहमति से किशोरी ने अपने एक रिश्तेदार 22 वर्षीय युवक से प्रेम विवाह कर लिया था। इस बीच 29 अक्टूबर 2025 को किशोरी ने तेजाब पी लिया। शुरुआत में किशोरी व परिजनों ने खुद ही तेजाब पीने की बात की थी। इस बीच 29 जनवरी को किशोरी की मां ने बेटी के कथित पति के खिलाफ जान से मारने की धमकी देकर दुष्कर्म और पॉक्सो का मामला दर्ज करा दिया। अब शनिवार को किशोरी की मौत हो गई।

परिजनों ने आरोपित थिरिया सलाहपुर गांव, रामपुर, यूपी निवासी युवक भूरा उर्फ सुभाष पर बेटी की तेजाब पिलाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। शाहदरा जिले के पुलिस उपायुक्त प्रशांत गौतम का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। किशोरी व युवक ने दोनों परिवारों की मर्जी से शादी की थी। किशोरी के पिता ने बताया कि वह परिवार के साथ गीता कालोनी इलाके में रहते हैं। रेहड़ी पर कपड़े बेचने का काम करते हैं। इनके घर के पास ही भूरा का परिवार रहता है। जुलाई माह में भूरा इनकी 16 साल की बेटी को प्रेम जाल में फंसाकर बहला-फुसलाकर ले गया। परिवार उसकी तलाश में वहां पहुंचा तो 3 जुलाई को दोनों की शादी का पता चला।

इसके बाद परिवार वापस दिल्ली आ गया। उन्होंने पुलिस से शिकायत नहीं की। इस बीच किशोरी भूरा के साथ गीता कालोनी में आकर रहने लगी। 29 अक्टूबर 2025 को मौलाना आजाद अस्पताल से पुलिस को किशोरी के तेजाब पीने की सूचना मिली। उस समय पीड़िता व उसकी मां ने पति से झगड़ा होने के बाद खुद ही तेजाब पीने की बात बताई।
बाद में 23 जनवरी को मां ने किशोरी के पति पर जान से मारने की धमकी देकर यौन शोषण का आरोप लगाकर मामला दर्ज करवा दिया। इस बीच किशोरी कुछ दिन इलाज के बाद अपने घर आ गई। पिछले कुछ दिनों उसकी तबीयत खराब चल रही थी। शनिवार को तबीयत बिगड़ी तो परिजन उसे एलएनजेपी अस्पताल ले गए ,जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर
रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
