नई दिल्ली, 31 मार्च (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित तैमूर नगर में मंगलवार शाम एक रिहायशी मकान में आग लगने से हड़कंप मच गया। आग मकान की पहली मंजिल पर बने स्टोर रूम में लगी थी, जहां घरेलू सामान रखा हुआ था। सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर तेजी से कार्रवाई की और अंदर फंसे 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

दमकल विभाग के अनुसार, शाम 5:14 बजे मथुरा रोड दमकल स्टेशन को कॉल मिली कि मकान नंबर-3, तैमूर नगर, गुरुद्वारे के पास एक मकान में आग लगी है और अंदर लोग फंसे हुए हैं। इसके बाद तत्काल छह गाड़ी मौके पर भेजी गई। पहली फायर यूनिट 5:25 बजे घटनास्थल पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि मकान ग्राउंड प्लस तीन मंजिल बना हुआ है। आग पहली मंजिल पर बने स्टोर रूम में लगी थी, जिससे धुआं पूरे फ्लोर में फैल गया और लोग अंदर फंस गए। दमकल कर्मियों ने बिना देर किए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सभी 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इनमें 6 पुरुष, 3 महिलाएं और 5 वर्षीय एक बच्चा शामिल है।
दमकल विभाग के अनुसार, आग पर 5:35 बजे काबू पा लिया गया, जबकि 5:45 बजे पूरी तरह से बुझाकर ‘स्टॉप’ घोषित कर दिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से बड़ा हादसा टल गया। बचाए गए लोगों की पहचान सूरज सिंह (45), अशोक (42), राम नरेश (40), किशन लाल (38), राम किशन (35), सचिन (44), तमन्ना (24), प्रियंशा (24), स्नेहा (22) और रियांश (5) के रूप में हुई है। मामले की जांच न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस कर रही है। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण घरेलू सामान में शॉर्ट सर्किट या लापरवाही माना जा रहा है, हालांकि सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
