चेन्नई, 24 फ़रवरी (हि.स.)। चेन्नई मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 25 फरवरी से 01 मार्च तक पश्चिमी घाट के जिलों और दक्षिण तमिलनाडु के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अन्य क्षेत्रों में शुष्क मौसम बने रहने की संभावना है। साथ ही सलेम, धर्मपुरी, कृष्णागिरि, तिरुपत्तूर, वेल्लोर, रानीपेट, तिरुवल्लूर, चेन्नई और कांचीपुरम जिलों में तड़के के समय हल्का कोहरा छा सकता है।

दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बना गहरा निम्न दबाव क्षेत्र उत्तर-पूर्व दिशा में बढ़ते हुए कमजोर होकर सामान्य निम्न दबाव क्षेत्र में बदल गया है। इसके आगे भी उसी दिशा में बढ़ते हुए और कमजोर पड़ने की संभावना है। इस बीच, दक्षिण केरल तट के पास दक्षिण-पूर्व अरब सागर में निचले स्तर का वायुमंडलीय चक्रवातीय परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु में आने वाले दिनों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

आज पश्चिमी घाट के जिलों और उनसे सटे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है, जबकि शेष तमिलनाडु में मौसम शुष्क रहेगा। 25 फरवरी से एक मार्च तक भी पश्चिमी घाट और दक्षिण तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है। अन्य क्षेत्रों में शुष्क मौसम जारी रहेगा।अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसमें हल्की वृद्धि हो सकती है। न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 2 डिग्री सेल्सियस अधिक रह सकता है।
चेन्नई और उसके उपनगरों में दिन के समय आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। तड़के कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा हो सकता है। अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में तमिलनाडु में सर्वाधिक अधिकतम तापमान ईरोड जिले में 37.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद करूर में 37.5डिग्री सेल्सियस, मदुरै में 36.2डिग्री सेल्सियस, वेल्लोर में 35.6डिग्री सेल्सियस, तिरुपत्तूर में 34.9डिग्री सेल्सियस और धर्मपुरी में 34.5डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चेन्नई में अधिकतम तापमान मीनंबक्कम में 34डिग्री सेल्सियस और नुंगमबक्कम में 32.2डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV
