दक्षिण दिनाजपुर, 07 मार्च (हि. स.)। जिले के पतिराम में शनिवार दोपहर भाजपा की ‘परिवर्तन यात्रा’ पहुंची। यात्रा को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया। हाथों में पार्टी के झंडे और सिर पर भगवा टोपी पहनकर कार्यकर्ताओं ने बैंड पार्टी बजाकर और फूल बरसाकर यात्रा का स्वागत किया।

पतिराम के चौरंगी टैक्सी स्टैंड इलाके में आयोजित जनसभा को भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार, रायगंज के सांसद कार्तिक चंद्र पाल और मालदा उत्तर के सांसद खागेन मुर्मू ने संबोधित किया।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।
सभा में बोलते हुए सुकांत मजूमदार ने पतिराम पंचायत के प्रधान पर कटाक्ष करते हुए उन्हें पेड़ चोर और कटमनी का एजेंट बताया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने पर तृणमूल शासनकाल के सभी भ्रष्टाचार और लूट की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही उन्होंने वादा करते हुए कहा कि भाजपा सत्ता में आने पर कुछ ही महीनों के भीतर दक्षिण दिनाजपुर में एक मेडिकल कॉलेज बनाया जाएगा।
सभा से भाजपा नेताओं ने कई अन्य वादे भी किए, जिनमें राज्य के सभी खाली पदों पर नियुक्ति, कर्मचारियों को केंद्र के समान डीए, महिलाओं के लिए अन्नपूर्णा भंडार’ योजना के तहत हर महीने तीन हजार रुपये भत्ता और राज्य के लोगों को रोजगार के लिए बाहर न जाना पड़े, इसकी व्यवस्था करने का आश्वासन शामिल है। सभा के बाद परिवर्तन यात्रा बालुरघाट की ओर रवाना हो गई।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
