कोलकाता, 18 अप्रैल (हि.स.)। वैशाख लगते ही दक्षिण बंगाल में गर्मी का असर तेज होने लगा है। तेज धूप और उमस से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। अलीपुर मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिण बंगाल के विस्तृत इलाकों में तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि शनिवार को दक्षिण बंगाल के पांच जिलों में आंधी और बारिश की संभावना बनी हुई है। वहीं उत्तर बंगाल में भी वर्षा जारी रहने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार कोलकाता, हावड़ा और हुगली जैसे जिलों में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है। इन क्षेत्रों में शुष्क मौसम बना रहेगा। शनिवार को पूर्व बर्धमान, पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नदिया में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। इन जिलों में कालबैशाखी जैसी आंधी चलने की भी आशंका है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है।
रविवार से इन जिलों में फिर से गर्मी और उमस बढ़ने की संभावना है। पश्चिम मेदिनीपुर, झाड़ग्राम, पुरुलिया, बांकुड़ा और पश्चिम बर्धमान के लिए सतर्कता जारी की गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर बिहार से दक्षिण छत्तीसगढ़ तक झारखंड के ऊपर से एक द्रोणिका रेखा बनी हुई है। इसके अलावा उत्तर तटीय ओडिशा और आसपास के क्षेत्रों पर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। पश्चिम और उत्तर-पश्चिम दिशा से बीच-बीच में शुष्क हवाएं चल रही हैं। इसके प्रभाव से रविवार से गुरुवार तक दक्षिण बंगाल के अधिकांश हिस्सों में गर्म और उमस भरा मौसम बना रहेगा। बीच-बीच में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारीश भी हो सकती है।
उत्तर बंगाल में फिलहाल वर्षा का दौर जारी रहेगा। शनिवार को दार्जिलिंग और जलपाईगुड़ी में भारी बारीश की संभावना है। अन्य जिलों में भी गरज चमक के साथ छिटपुट बारीश हो सकती है। यहां हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। आंधी और बारीश के कारण उत्तर बंगाल में तापमान में अधिक बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
