मुंबई, 02 फरवरी (हि.स.)। मुंबई मनपा प्रशासन ने दक्षिण मुंबई इलाके में अवैध फेरीवालों और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। मोहम्मद अली रोड और इब्राहिम मर्चेंट रोड पर कब्जा जमाए बैठे फेरीवालों को सोमवार को हटा दिया गया।

मनपा के ‘बी’ प्रशासनिक विभाग की तरफ से की गई इस कार्रवाई में फुटपाथों पर किए गए अवैध अतिरिक्त निर्माण और अनधिकृत फेरीवालों को हटाया गया। मोहम्मद अली रोड, भेंडी बाजार, मस्जिद बंदर और भायखला को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है, जबकि इब्राहिम मर्चेंट रोड नागदेवी और मांडवी जैसे घनी आबादी वाले इलाके हैं। यहां सड़कों और फुटपाथों पर लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। इस कार्रवाई के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
बीएमसी से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को कुल सात अवैध दुकानों को हटाया गया। सके अलावा फुटपाथों पर बने 12 लोहे की चादरों से बने शेड, 10 बोलार्ड और दो लावारिस वाहनों पर भी कार्रवाई की गई। इस अभियान में चार विशेष वाहन, दो जेसीबी मशीनों और अन्य उपकरणों की मदद ली गई। करीब 40 मनपा अधिकारी-कर्मचारी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए गे थे। मनपा अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार
