दतिया, 07 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह महिला सरपंच के बेटे ने अपने घर में कट्टे से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। फायरिंग की आवाज सुनते ही मां मौके पर पहुंची। बेटे को खून से लथपथ देखकर मां बेहोश हो गई। परिजन उसे तत्काल इलाज के लिए ग्वालियर लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जानकारी अनुसार मृतक की पहचान विशाल जाटव के रूप में हुई है, जो सिकरी ग्राम पंचायत की सरपंच सुशीला जाटव के पुत्र थे। विशाल ग्वालियर में रहकर GNM (नर्सिंग) की पढ़ाई कर रहा था और फाइनल ईयर का छात्र था। वह एक दिन पहले ही ग्वालियर से अपने गांव आया था।
आवाज सुनकर पहुंची मां, देखकर बिगड़ी हालत
परिजनों के अनुसार, घटना के समय घर के अन्य सदस्य अपने-अपने काम में लगे हुए थे। अचानक गाेली चलने की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद मां सुशीला जाटव और छाेटाा भाई मौके पर पहुंचा। एक तरफ बड़े भाई गिरे पड़े थे, दूसरी ओर कट्टा रखा था। विशाल के सीने में गोली लगी थी। उसके सीने से खून बह रहा था। बेटे को खून से लथपथ देखकर मां घबरा गईं और उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन तत्काल विशाल को लेकर ग्वालियर रवाना हुए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डाॅक्टर से उसे मृत घाेषित कर दिया। छोटे भाई ने पुलिस को बताया कि विशाल ने कभी किसी तनाव या परेशानी की बात परिवार से साझा नहीं की थी। वह सामान्य व्यवहार में ही घर आया था।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही इंदरगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
