
दमोह, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दमोह में सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया। बरामद किए गए जेवरात व मोबाइल की कुल कीमत करीब 3 लाख 16 हजार रुपये आंकी गई है।

रविवार को सिटी कोतवाली में आयोजित पत्रकार वार्ता में नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे ने मामले का खुलासा करते हुए विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए। सीएसपी पांडे ने बताया कि यह बेहतर कार्रवाई थाना प्रभारी मनीष कुमार एवं चौकी प्रभारी राकेश पाठक के नेतृत्व में की गई है। 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार करना और चोरी गए माल को बरामद करना निश्चित रूप से सराहनीय कार्य है, जिसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है।
पुलिस के अनुसार नूरीनगर निवासी नर्सिंग कुरैशी ने 3 अप्रैल को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह परिवार सहित बाहर गया था। वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अलमारी में रखे जेवरात व मोबाइल गायब थे। जांच में करीब 851 ग्राम चांदी के जेवर, 4 ग्राम सोने के जेवर और एक मोबाइल फोन चोरी होना पाया गया।
मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस टीम ने त्वरित विवेचना शुरू की। संदेह के आधार पर नूरीनगर निवासी परवेज कुरैशी (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बरामदगी
851 ग्राम चांदी के जेवर4 ग्राम सोने के जेवरएक मोबाइल फोनकुल कीमत करीब 3.16 लाख रुपये
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई पर वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव
