दमोह, 08 मार्च (हि.स.) जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं इस वर्ष शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और निर्विघ्न तरीके से संपन्न हुईं। परीक्षा समाप्त होने के बाद कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा परीक्षा से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया है।

कलेक्टर कोचर ने रविवार को बताया कि इस वर्ष दमोह जिले में पहली बार सभी सरकारी और निजी स्कूलों के परीक्षा केंद्रों पर 100 प्रतिशत सीसीटीवी कैमरों की सतत निगरानी में परीक्षाएं आयोजित की गईं। इसका सकारात्मक परिणाम यह रहा कि पूरे जिले में परीक्षा अवधि के दौरान नकल का एक भी प्रकरण दर्ज नहीं हुआ, जो जिले के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि है।
उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। विशेष रूप से इस बात का ध्यान रखा गया कि किसी भी छात्र को जमीन पर बैठकर परीक्षा न देनी पड़े। सभी परीक्षार्थियों के लिए टेबल और बेंच की व्यवस्था की गई थी।
कलेक्टर ने बताया कि इस वर्ष परीक्षा केंद्रों की संख्या में भी वृद्धि की गई थी, जिससे विद्यार्थियों को अपने नजदीकी केंद्र पर परीक्षा देने की सुविधा मिली। केंद्रों की संख्या बढ़ने के बावजूद परीक्षा केंद्रों से संबंधित किसी प्रकार की शिकायत प्राप्त नहीं हुई। उन्होंने बताया कि परीक्षा से पहले विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने और उन्हें तनावमुक्त वातावरण देने के लिए “परीक्षा पर चर्चा” अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शिक्षक विभिन्न स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों से संवाद करते रहे और उन्हें सकारात्मक सोच के साथ परीक्षा देने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर का इस दौरान कहना रहा कि परीक्षा व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया था, जो प्रतिदिन सुबह 6 बजे से 9:30 बजे तक संचालित होता था। इस कंट्रोल रूम से प्रश्नपत्रों के वितरण और परीक्षा केंद्रों की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाती थी। उन्होंने परीक्षा के सफल संचालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, परीक्षा प्रभारी, सभी केंद्राध्यक्ष, सहायक केंद्राध्यक्ष, शिक्षकों, राजस्व अधिकारियों, प्रेक्षकों, पटवारियों और पुलिस प्रशासन की पूरी टीम का आभार व्यक्त किया। कलेक्टर ने कहा कि सभी के समन्वित प्रयासों से ही परीक्षा शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / हंसा वैष्णव
