पटना, 05 मार्च (हि.स.)

पूर्वोत्तर रेलवे के दरौंदा स्टेशन पर एक दर्दनाक हादसे में एसटीएफ के जवान की मौत हो गई। ट्रेन में चढ़ने के दौरान पैर फिसलने से गिरकर वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के लिए सदर अस्पताल लाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

मृतक की पहचान राजेश कुमार प्रसाद के रूप में हुई है। वे सीवान जिले के एमएच नगर थाना क्षेत्र के मंदरौली गांव निवासी मदन महतो के पुत्र थे और वर्तमान में बेगूसराय एसटीएफ में पदस्थापित थे।
परिजनों ने बताया कि राजेश कुमार प्रसाद होली पर्व मनाने के लिए 02 मार्च को अपने घर आए थे। पर्व समाप्त होने के बाद बुधवार को वे वापस ड्यूटी पर लौटने के लिए दरौंदा रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान गोरखपुर-छपरा इंटरसिटी ट्रेन में चढ़ने के क्रम में उनका पैर फिसल गया और वे प्लेटफॉर्म पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर थाना पुलिस ने गुरुवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। जवान की असामयिक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी शोक की लहर है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
