– वाहन सटने को लेकर हुआ विवाद, 40 से अधिक श्रद्धालु पांच गाड़ियों से लौट रहे थे, पुलिस से की शिकायत

मीरजापुर, 16 मार्च (हि.स.)। चुनार कोतवाली क्षेत्र के कस्बा पुलिस चौकी के पास सोमवार रात श्रद्धालुओं के साथ मारपीट और छीना-झपटी की घटना से हड़कंप मच गया। स्वामी शक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के वाहन के सट जाने पर कुछ स्थानीय लोगों ने महिलाओं व पुरुषों के साथ मारपीट कर दी।
बताया गया कि कछवा थाना क्षेत्र के बरैनी गांव निवासी बऊ पाल अपने परिवार और रिश्तेदारों के करीब 25 महिलाओं और 20 पुरुषों के साथ पांच चार पहिया वाहनों से शक्तेशगढ़ स्थित परमहंस आश्रम में स्वामी अडगडानंद के दर्शन के लिए गए थे। सोमवार शाम वापस लौटते समय कस्बा चौकी के पास चौराहे पर गंगेश्वरनाथ की ओर से आ रहे एक वाहन से उनका वाहन हल्का सट गया।
इसी बात को लेकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने विवाद शुरू कर दिया और देखते ही देखते श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि धक्का-मुक्की के दौरान बऊ पाल के गले से सोने की चेन छीन ली गई, जबकि रिंपी पाल पत्नी सुनील पाल का मंगलसूत्र भी अराजक तत्व छीनकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष कस्बा पुलिस चौकी पहुंचे और हंगामा करने लगे। पुलिस चौकी के पास ही हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी गई।
इस संबंध में चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पीड़ितों से तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
