बिजनौर, 01 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के गांव सीकरी बुजुर्ग में चार वर्ष का एक गुलदार वन विभाग के पिंजरे में फस गया। रविवार को सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ गुलदार को देखने के लिए दिखाई दी। पिछले कई दिनों से गुलदार की मौजूदगी के कारण ग्रामीणों में दहशत का माहौल था। गुलदार के पकड़े जाने से गांव और आसपास के क्षेत्रों में लोगों ने राहत की सांस ली है।

जनपद बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के गांव सीकरी बुजुर्ग में वन विभाग ने सीकरी बुजुर्ग के पास स्थित एक आम के बाग में पिंजरा लगाया था। विभाग को लगातार गुलदार की आवाजाही की सूचना मिल रही थी। बीती रात शिकार की तलाश में घूमते समय गुलदार पिंजरे में फंस गया। रविवार सुबह जैसे ही गुलदार के पिंजरे में कैद होने की खबर फैली, मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की और इसे राहत भरा कदम बताया। वन डिप्टी रेंजर हरदेव सिंह ने बताया कि पकड़ा गया गुलदार पूरी तरह स्वस्थ है। उसकी उम्र लगभग चार वर्ष है। सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उसे संभागीय वन कार्यालय ले जाया जा रहा है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार जल्द ही उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग ने कहा कि क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। ग्रामीणों से भी सतर्क रहने और किसी भी वन्यजीव की सूचना तुरंत विभाग को देने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
