सारण, 11 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के दाउदपुर थाना क्षेत्र के बंगरा गांव में बीती रात पुराने विवाद में दबंगों ने एक युवक पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं अपने दोस्त को बचाने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति पर हमलावरों ने चाकू से प्रहार कर उसे भी लहूलुहान कर दिया।


जानकारी के अनुसार बीती रात बंगरा निवासी तारकेश्वर सिंह के 32 वर्षीय पुत्र संजीव कुमार सिंह अपने घर पर दोस्त के साथ बैठे थे। इसी बीच गांव के ही धड़ाका सिंह नामक युवक अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ते ही हमलावरों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जख्मी संजीव सिंह ने बताया कि एक गोली उनके जैकेट के दाहिने हिस्से को चीरते हुए निकल गई, जबकि दूसरी गोली उनके बाएं पैर में जा लगी। संजीव को बचाने आए उनके दोस्त, भीमल सिंह के 42 वर्षीय पुत्र मुन्ना सिंह पर अपराधियों ने चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।
परिजन ने आनन-फानन में दोनों घायलों को एकमा स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया है।
घटना की सूचना मिलते ही दाउदपुर थानाध्यक्ष रात करीब 10:00 बजे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया जहां से 03 खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस प्रशासन के अनुसार मामला पुरानी आपसी रंजिश का है। घटना के बाद गांव में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि अभियुक्तों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
