रांची, 25 जनवरी (हि.स.)। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की ओर से मुख्यमंत्री की दावोस और लंदन यात्रा को लेकर दिए बयान को कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सतीश पौल मुंजनी ने दुर्भावनापूर्ण बताया है।

उन्होंने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि बाबूलाल मरांडी जानबूझकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि सच्चाई यह है कि यह दौरा झारखंड में निवेश को गति देने के उद्देश्य से किया गया है।
मुंजनी ने कहा कि यह सर्वविदित है कि दावोस का औपचारिक कार्यक्रम 23 जनवरी को समाप्त हो जाता, लेकिन निवेशकों और अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ बैठकों की प्रक्रिया वहीं समाप्त नहीं हो जाती। इसी क्रम में लंदन में राज्य के हित में उच्चस्तरीय बैठकों और रोड-शो के माध्यम से झारखंड की औद्योगिक, खनिज और मानव संसाधन संभावनाओं को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है। इसे घूमना कहना न केवल गैर-जिम्मेदाराना है, बल्कि राज्य के हितों के प्रति संकीर्ण और नकारात्मक सोच को भी दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों का विदेश जाकर राज्य की ब्रांडिंग और निवेश आकर्षित करना कोई अपराध नहीं, बल्कि आज के प्रतिस्पर्धी संघीय ढांचे में यह हर प्रगतिशील राज्य की जरूरत है। भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी पूर्व में इसी प्रकार विदेश यात्राएं करते रहे हैं। उस समय बाबूलाल मरांडी की यह नैतिक चिंता कहां थी, यह जनता भली-भांति जानती है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
