नई दिल्ली, 12 अप्रैल (हि.स.)। संगीत जगत की दिग्गज पार्श्व गायिका आशा भोसले का रविवार को मुंबई में 92 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके निधन पर भारतीय क्रिकेट जगत ने शोक जताया है।

भारतीय क्रिकेट टीम के वरिष्ठ खिलाड़ी विराट कोहली ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया इंस्टाग्राम पर स्टोरी लगाते हुए लिखा कि ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे। आपकी आवाज ने लाखों दिलों को छुआ है और हमेशा हमारे दिल में जिंदा रहेगी। ओम शांति।
पूर्व महान खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर ने सोशल मीडिया एक्स पर आशा भोसले को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा कि भारत के लिए और दुनिया भर के संगीत प्रेमियों के लिए आज का दिन बेहद दुखद है। हमारे लिए आशा ताई परिवार का ही हिस्सा थीं। आज, जो गहरा खालीपन हम महसूस कर रहे हैं, उसे बयां करने के लिए शब्द भी कम पड़ रहे हैं। एक पल के लिए तो दिल बिल्कुल खामोश हो जाता है और अगले ही पल, वह उन अनगिनत सुरों की दुनिया में खो जाता है, जो उन्होंने हम सभी को तोहफे में दिए। ऐसा महसूस हो रहा है, मानो समय भी थम सा गया हो। फिर भी, अपने अमर गीतों के जरिए, वह हमेशा-हमेशा के लिए अमर रहेंगी। धन्यवाद, ताई, हमारे जीवन को अपनेपन, गरिमा और अविस्मरणीय संगीत से भरने के लिए। आशा ताई, हम आपको बहुत ज्यादा याद करेंगे।
भारतीय पुरुष टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, महान आशा भोसले जी के निधन से दुखी हूं। उनकी शालीनता और बेजोड़ प्रतिभा हमेशा हमारी यादों में बनी रहेगी।
पूर्व खिलाड़ी युवराज सिंह ने लिखा, ”आशा जी के गाने सुनते-सुनते ही बड़े हुए। मूड चाहे जैसा भी हो, उनका कोई न कोई गाना हमेशा ऐसा होता था जो उस मूड पर एकदम सटीक बैठता था। उस आवाज से कितनी सारी यादें और कितने सारे जज्बात जुड़े हुए हैं। ऐसा लगता है जैसे हमारे बड़े होने का एक हिस्सा आज खामोश हो गया है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे। मेरी गहरी संवेदनाएं।”
पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन ने ‘एक्स’ पर लिखा कि उनकी आवाज सुनते-सुनते बड़ा हुआ और यह आवाज कभी पुरानी नहीं हुई। आशा भोसले जी हमेशा अमर रहेंगी। ओम शांति।
भारतीय टीम के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने आशा भोसले को श्रद्धांजलि देते हुए सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर लिखा कि उनकी आवाज ने कितनी गहराई से कई पीढ़ियों के दिलों को छुआ है। वह एक सच्ची लीजेंड हैं, जिनका संगीत समय और भावनाओं की सीमाओं से परे है। उनकी विरासत हमेशा हमारे दिलों में जिंदा रहेगी। प्रेरणा देने के लिए धन्यवाद।
आशा भोसले का जन्म 08 सितम्बर, 1933 को महाराष्ट्र के सांगली में संगीत से जुड़े परिवार में हुआ था। वह सबसे प्रभावशाली गायिकाओं में से एक थीं। उन्होंने 1943 में मराठी फिल्म ‘माझा बाल’ के लिए पार्श्वगायन से अपने संगीत करियर की शुरुआत की थी।
उन्होंने अपने करियर में 12 हजार से ज्यादा गाना गाए हैं। उन्होंने ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘चुरा लिया है तुमने’, ‘दम मारो दम’, ‘इन आंखों की मस्ती के’, ‘दो लफ्जों की है दिल की कहानी’ जैसे कई सारे सुपरहिट गाने दिए हैं। साल 2000 में उन्हें प्रतिष्ठित दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें ‘पद्म विभूषण’ से भी सम्मानित किया जा चुका है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / वीरेन्द्र सिंह
