नई दिल्ली, 12 मार्च (हि.स.)। दिल्ली के मटियाला गांव स्थित मछली मार्केट इलाके में बुधवार देर रात आग लग गयी। देखते ही देखते आग ने आसपास की कम से कम 400 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर दमकल विभाग की नौ गाड़ियां पहुंचीं और ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

अग्निशमन विभाग के अधिकारी ने गुरुवार को बताया कि बुधवार रात करीब 11:54 बजे आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में लगातार और गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कुल मिलाकर दमकल की नौ गाड़ियां, आठ वाटर बाउजर, दो बीएफटी, दो मोटर पंप, एक हाई टेंडर के साथ कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
स्थानीय पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। शुरूआती जांच के बाद आशंका जताई जा रही है झुग्गियों के पास जमा कूड़े के ढ़ेर में किसी ने सिगरेट या बीड़ी फेंक दी थी, जिससे आग लगी और बढ़कर झुग्गियों तक फैल गई।
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार रात करीब 12:30 बजे आग को मीडियम श्रेणी की घोषित किया गया। मौके पर डीसीएफओ एके मलिक, डीओ संदीप दुग्गल समेत कई अधिकारी मौजूद रहे और राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व किया। करीब 2:20 बजे आग को चारों तरफ से घेर लिया गया और 2:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया। इसके बाद दमकल कर्मियों ने कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया, जो तड़के तक जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग में करीब 400 झुग्गियां, कई दोपहिया वाहन जलकर नष्ट हो गए। हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है।
———–
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
