सिलीगुड़ी, 14 मार्च (हि.स.)। दिव्यांगजनों को सरकारी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिलीगुड़ी नगर निगम की ओर से शहर के बाघाजतिन पार्क में शनिवार को विशेष दिव्यांग प्रमाण पत्र वितरण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर लाभ उठाया। कार्यक्रम में सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव, डिप्टी मेयर रंजन सरकार समेत नगर निगम के कई अधिकारी मौजूद रहे।

शिविर में आए आवेदकों का सबसे पहले चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसके बाद चिकित्सकों की सलाह के आधार पर वहीं पर तुरंत दिव्यांग प्रमाण पत्र जारी करने की व्यवस्था की गई, ताकि लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और अनावश्यक परेशानी से बचाया जा सके। निगम के इस पहल से लाभान्वित होकर कई दिव्यांगजनों ने राहत और संतोष व्यक्त किया।
मौके पर मौजूद मेयर गौतम देव ने कहा कि दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए नगर निगम समय-समय पर ऐसे शिविर आयोजित करता रहता है। उन्होंने कहा, कई दिव्यांगों की स्थिति देखकर मन दुखी हो जाता है। हम कोशिश कर रहे हैं कि जिन लोगों को इलाज की जरूरत है, उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सके।नगर निगम की इस पहल से दिव्यांगजनों को एक ही स्थान पर चिकित्सा परामर्श और प्रमाण पत्र मिलने की सुविधा मिल रही है, जो उनके लिए काफी मददगार साबित हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
