देवरिया, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद के महुआडीह थाना क्षेत्र के रामपुर बनहर गांव में पारिवारिक विवाद ने बीती रात को हिंसक रूप ले लिया। इसमें एक महिला की मौत हो गई।

गांव निवासी रविता देवी (40) पत्नी उमेश विश्वकर्मा का अपने पटीदारों से लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों की महिलाओं के बीच कहासुनी हुई, जो होते-होते गंभीर विवाद में बदल गई। कहासुनी के बीच उसने रविता देवी पर घर में रखी किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रविता देवी को बचाने के लिए उनके बेटे शिव (15) और बेटी अर्चना (17) आगे आए, लेकिन आरोपित ने उन पर भी हमला कर दिया। मां के साथ दोनों बेटा और बेटी भी घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने रविता देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बेटे और बेटी का उपचार किया गया। मृतका के पति उमेश विश्वकर्मा वर्तमान में बाहर रह रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपित की तलाश जारी है। गांव में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जाँच शुरू कर दी गई। केस दर्ज किया गया है। एक की गिरफ्तारी हो गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक
