देवास, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के देवास जिले में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आष्टा-कन्नौद मार्ग पर सियाघाट के पास भूसे से भरे मिनी ट्रक और टूरिस्ट बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बस में सवार 30 से अधिक यात्री घायल हो गए, जबकि दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मिनी ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर पलट गया, वहीं बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया।
जानकारी के अनुसार, टूरिस्ट बस में उत्तर प्रदेश के मेरठ के यात्री सवार थे। सभी यात्री ओंकारेश्वर में दर्शन करने के बाद सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम जा रहे थे। वहां रुकने के बाद उन्हें वापस मेरठ लौटना था।
चालक को झपकी आने से हुआ हादसा
बस में सवार यात्री पुलकित गर्ग ने बताया कि बस में सवार यात्री पुलकित गर्ग ने बताया ओंकारेश्वर से निकलने के बाद कुबेरेश्वर धाम सीहोर पहुंचना था। रास्ते में सुबह के समय बस चालक को झपकी लग गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ। अधिकांश यात्री उस समय सो रहे थे और अचानक हुई टक्कर से घायल हो गए।
घायलों का इलाज जारी
घटना की सूचना मिलते ही कन्नौद से मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार दिया गया। दोनों चालकों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इंदौर रेफर किया गया। राहत की बात यह है कि काेई जनहानि नहीं हुई है और किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे
