कानपुर, 14 अप्रैल (हि.स.)। रेउना थाना क्षेत्र अंतर्गत मंगलवार को दो बाइकों की आमने-सामने की भिड़ंत में एक युवक की मौत हो गई। जबकि महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही मामले की पड़ताल में जुट गई है।

रेउना के रूप नगर इलाके में रहने वाले रामपाल (48) अपनी पत्नी मीना के साथ खेत में गेहूं काटकर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में मुगल रोड के पास घाटमपुर की ओर से आ रही एक बाइक से सीधी टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर ललईयपुर निवासी शोभित, आर्यन और सुमित तीनों छात्र कोचिंग पढ़ कर वापस लौट रहे थे।
दोनों बाइकों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पांचो गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस के जरिए उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने रामपाल को मृत घोषित कर दिया। घटना में महिला समेत तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एक छात्र को मामूली चोटें आईं थी।
रेउना थाना प्रभारी अमित राजपूत ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों का उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराकर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
