आज़मगढ़, 07 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल–फुलवरिया मार्ग पर गौसपुर गांव के मोड़ के पास शनिवार को दो बाइकों की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

माहुल चौकी प्रभारी यस सिंह पटेल के अनुसार कंदरा गांव निवासी बृजमोल यादव अपने मौसा के पुत्र रामप्रवेश, निवासी भरमा गांव, थाना पवई के साथ बाइक से दवा लेने माहुल बाजार जा रहा था। जैसे ही वे गौसपुर मोड़ से आगे बढ़े, पीछे से तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। दूसरी बाइक पर तीन युवक सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े। हादसे में बृजमोल यादव के सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रामप्रवेश समेत बरामदपुर गांव निवासी आसिफ, आफताब और शारिक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पुलिस ने सभी घायलों को माहुल स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां रामप्रवेश की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव चौहान
