जयपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। अमानीशाह नाले पर 1500 करोड़ रुपये खर्च कर जो स्वरूप दिया गया है उसी की तर्ज पर जयपुर विकास प्राधिकरण रोपाड़ा नाले की भी काया पलटने में जुटा है। इस नाले के सौंदर्यकरण सहित अन्य कामों पर करीब 32 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गोनेर रोड से रिंग रोड के बीच रोपाडा नाला करीब 2200 मीटर लम्बा है। इस नाले को अमानीशाह नाले की तरह पक्का किया जाएगा, लेकिन द्रव्यवती नदी वाली गलती जेडीए इसमें नहीं दोहराएगा। वाटर रिचार्ज के लिए नाले के नीचे के हिस्से को पक्का करने की बजाय कोबल पत्थर लगाए जाएंगे। नाले के दोनों हिस्सों में सीसी के स्लोब बनाए जाएंगे। इसके अलावा नाले के दोनों किनारों पर रैलिंग लगाने के साथ फुटपाथ बनाकर घास और पौधे लगाए जाएंगे। रोपाडा नाले के सौदर्यकरण का काम डेढ़ साल में पूरा किया जाना है। वर्तमान में नाले के सौंदर्यकरण का काम प्रगतिरत है। नाले के दोनों तरफ सर्विस रोड बनाई जाएगी। पर्यटन के लिहाज से बनाए जाएंगे दो पौंड रोपाडा नाले को पर्यटन के लिहाज से भी तैयार किया जा रहा है। नाले में एक निश्चित दूरी में दो पौंड बनाएं जाएंगे। ताकि लोग यहां पर घूमने आ सके और इसके सौदर्य का आनंद ले सकें। भविष्य में इनका उपयोग मछली पालन में किया जा सकता है। इसके अलावा पर्यटकों के लिए इसमें नाव का भी संचालन किया जा सकता है। वर्तमान में इस नाले में मछली पालन किया जाता है।
बन्ध्या वाली नदी में छोड़े जा रहे सीवरेज के गंदे पानी से आस-पास के करीब आधा दर्जन से अधिक गावों में धडल्ले से खेती हो रही है। गोविंदपुरा उर्फ रोपाड़ा, बन्ध्या, खोरी रोपाड़ा, बूरथल, हिंगोनिया सहित आस-पास के गांवों में सब्जियां उगाने के साथ अन्य खेती की जा रही है।
रोपाड़ा और खोरी रोपाड़ा में जेडीए की हेरिटेज सिटी के अलावा एक अन्य योजना है। वहीं दूसरी और रेलवे लाइन के पास जेडीए की मैरिज गार्डन योजना है। रोपाडा नाले में पुल बनने से जेडीए की हेरिटेज सिटी, रिंग रोड से जुडी अन्य सड़कों के साथ मैरिज गार्डन योजना से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी। इसके अलावा दोनों तरफ बसी दो दर्जन कॉलोनियां भी आपस में सीधे तौर पर जुड़ जाएंगी। वर्तमान में खोरी रोपाडा या हेरिटेज सिटी से खातीपुरा स्टेशन या मेरिज गार्डन योजना जाने के लिए 5 से 8 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है जो कि घटकर 2 से 4 किमी के बीच रह जाएगी। इस पर एक किलोमीटर की दूरी में दो पुल बनाए जाएंगे। पुल 36 मीटर चौड़ा, 23 मीटर लम्बा और 5 मीटर ऊंचा बनेगा। पुल बनाने से कई कॉलोनियों को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। जेडीए ने पुल बनाने के लिए फरवरी 2027 तक का लक्ष्य तय किया है। इन पर करीब 6 करोड़ रुपए खर्च होंगे। यह नाला जेडीए की दो प्रमुख योजनाओं-गोविन्दपुरा रोपाडा फार्म हाउस और रिसॉर्ट योजना और गोविन्द विहार जडीए आवासीय योजना से होकर गुजरता है। हरित क्षेत्र और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण उपयोगकर्ताओं के अनुभव को बेहतर बनाएगा और मौजूदा योजनाओं को पूरक करेगा।
बन्ध्या वाली नदी करीब 11 किलो मीटर लम्बी है। यह बरसाती नदी है। बन्ध्या वाली नदी आमागढ़ की पहाडिय़ों से निकलती है और हिंगोनिया के पास ढूंढ़ नदी में मिलती है। इस नदी में खातीपुरा नदी भी गोनेर रोड पर आसाराम पुलिया के पास आकर मिलती है। खातीपुरा नदी झालाना की पहाडिय़ों से निकलती है।
प्राधिकरण एक्सईएन मनोज ने बताया कि रोपाडा नाले को अमानीशाह नाले की तर्ज पर सौदर्यकरण कर सजाया जाएगा। इसके लिए काम शुरू कर दिया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश
