धनबाद, 27 जनवरी (हि.स.)। लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को नगर निकायों के चुनाव का बिगुल बज गया है। धनबाद में नगर निगम एवं चिरकुंडा नगर परिषद के लिए 23 फरवरी को चुनाव कराए जाएंगे, जबकि मतगणना 27 फरवरी को होगी।

धनबाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी (प्रभार) उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने आज समाहरणालय के सभागार में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर चुनाव कार्यक्रम की घोषणा किया। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही मंगलवार से धनबाद के नगर निगम क्षेत्र और चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।

धनबाद नगर निगम के सभी 55 वार्डों में कुल मतदाताओं की संख्या 897936 है। जिसके लिए कुल मतदान केंद्रों की संख्या 974 है। वहीं, चिरकुंडा नगर परिषद में कुल मतदाताओं की संख्या 37006 है। जिसके लिए कुल मतदान केंद्रों की संख्या 42 है। 27 फरवरी को धनबाद के पॉलिटेक्निक भवन में मतों की गिनती की जाएगी।
चुनाव प्रक्रिया की अगर बात करें तो 4 फरवरी 2026 से शुरू होगी। इस दिन से उम्मीदवार अपना नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद 6 फरवरी को नाम वापसी की अंतिम तिथि तय है। जबकि सात फरवरी को उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि 23 फरवरी को सुबह सात बजे से मतदान शुरू होगा, जो उस दिन शाम 5 बजे तक मतदाता अपने मतों का प्रयोग कर सकेंगे। नगर निकाय चुनाव बैलेट पेपर के माध्यम से कराए जाएंगे। वहीं 27 फरवरी को मतगणना की जाएगी और उसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही इस चुनाव में नोटा का विकल्प उपलब्ध नही होगा, जिससे मतदाताओं को उपलब्ध उम्मीदवारों में से ही किसी एक को मतदान करना होगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
