धनबाद, 31 मार्च (हि.स.)। झारखंड के धनबाद जिले के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत टांडाबाड़ी बस्ती में मंगलवार की शाम एक ही परिवार के तीन लोगों के घर सहित जमींदोज होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और आक्रोश का माहौल है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे की है, जब अचानक जोरदार धमाके के साथ कई घर धंस गए। इस हादसे में सरिता देवी, मनोहर उरांव और गीता कुमारी नामक तीन लोगों के मलबे में दबने की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाका इतना तेज था कि आसपास के घरों में भी कंपन महसूस किया गया।
घटना के काफी समय बीत जाने के बाद भी राहत और बचाव कार्य शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया। नाराज लोगों ने सोनारडीह ओपी का घेराव कर दिया और राजगंज-बोकारो मुख्य मार्ग एनएच-32 को जाम कर आवाजाही पूरी तरह ठप कर दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को सूचना देने के बावजूद समय पर कोई मदद नहीं पहुंची, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से बीसीसीएल के सीएमडी और धनबाद उपायुक्त से बात कर तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराने की मांग की।
फिलहाल पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। लोगों की नजर अब प्रशासन और बचाव कार्यों पर टिकी है कि कब मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
