धनबाद, 01 फ़रवरी (हि.स.)।

धनबाद से झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) का गहरा नाता रहा है। दरअसल, 4 फरवरी 1972 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में ही जेएमएम की नींव रखी गई थी। तब से हर साल 4 फरवरी को जेएमएम अपना स्थापना दिवस धनबाद के रणधीर वर्मा स्टेडियम (गोल्फ ग्राउंड) में मनाती है। इस वर्ष भी गोल्फ ग्राउंड में चार फरवरी को जेएमएम अपना स्थापना दिवस मनाने वाली है, जिसको लेकर तैयारी जोरो पर है।
इसी को लेकर रविवार को जेएमएम के केंद्रीय प्रवक्ता विनोद पांडेय तैयारियों का जायजा लेने गोल्फ ग्राउंड पहुंचे। जहां जिला कमिटी के साथ साथ कार्यकर्ताओ ने उनका जोरदार स्वागत किया। स्थापना दिवस की तैयारी का जायजा लेने के बाद उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
इस दौरान जेएमएम के केंद्रीय प्रवक्ता ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि हर साल चार फरवरी को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में पार्टी अपना स्थापना दिवस मनाती है। हर वर्ष की तरह इस बार भी स्थापना दिवस में पार्टी अध्यक्ष, मंत्री, सांसद, विधायक सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और लोग शामिल होंगें।
उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस में संगठन को मजबूती देने और केंद्र सरकार के पास झारखंड के बकाया राशि और रॉयल्टी को लेकर चर्चा होगी।
केंद्रीय प्रवक्ता ने देश के आम बजट को लेकर कहा कि केंद्र सरकार के बजट में झारखंड के साथ भेदभाव किया गया है। उन्होंने कहा यह आम बजट आम लोगो के लिये नही है, बल्कि देश के खास लोगो के लिए है।
इसके साथ ही निकाय चुनाव को लेकर लागू अचार संहिता को ध्यान में रखते हुए स्थापना दिवस समारोह मनाने की बात कही।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार झा
