
रामगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। संगठित आपराधिक गिरोह लगातार पुलिस प्रशासन को चुनौती दे रहा है। पुलिस भी अपराधियों के खिलाफ बड़े अभियान चला रही है। मंगलवार को हजारीबाग डीआईजी अंजनी कुमार झा रामगढ़ पहुंचे और संगठित अपराधियों के खिलाफ हुई कार्रवाई की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अपराधियों को खुली चुनौती भी दी। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि धमकी देने वाले अपराधी और गिरोह को सूचना देने वाले लोकल व्यक्ति पर तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए। इस मामले में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी।

डीआईजी ने 14 बिंदुओं पर जिले के तमाम थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और अनुसंधानकर्ता पदाधिकारी को निर्देश दिया। एसपी अजय कुमार, पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी और डीएसपी हेडक्वार्टर चंदन कुमार वत्स को भी उन्होंने बेहतर मॉनिटरिंग करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का निर्देश दिया।
डीआईजी झा ने संगठित आपराधिक गिरोह की ओर से जनवरी 2026 से अब तक की गई गोलीबारी, आगजनी, पोस्टरबाजी, धमकी भरे कॉल से संबंधित लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने हर मामले में अलग तरीके से एसडीपीओ, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और अनुसंधानकर्ता से चर्चा की। साथ ही वैसे अपराधी और अभियुक्त जो जेल से छूटकर जमानत पर हैं, उनके विरुद्ध सर्विलांस प्रोसिडिंग, डोसियर, सीसीए एवं अन्य कार्रवाई की भी समीक्षा की।
डीआईजी अंजनी कुमार झा ने समीक्षा के बाद पतरातू एसडीपीओ, डीएसपी हेडक्वार्टर, सभी इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी और ओपी प्रभारी को 14 बिंदुओं पर निर्देश जारी किया।
उन्होंने कहा कि गिरोह की ओर से किसी भी व्यवसायी या ठेकेदार को धमकी दी जाती है तो सबसे पहले प्राथमिकी दर्ज कर उन्होंने गिरोह को सूचना देने वाले लोकल व्यक्ति को चिन्हित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को स्थान बदलकर एंटी क्राइम चेकिंग करने, फरार आरोपितों को साक्ष्य के आधार पर गिरफ्तार करने, संगठित अपराध गिरोह के सदस्यों के खिलाफ कुुर्की जप्ती हो, गिरोह के सदस्य वर्तमान समय में जेल में है या बाहर हैं उनका सत्यापन करने, गिरोह के आरोपित जो वर्तमान समय में जेल में है उनके विरुद्ध सीसीए की कार्रवाई करने, संगठित अपराध गिरोह के सदस्यों का डेटाबेस तैयार करने साथ ही गिरफ्तार हुए क्रिमिनल्स को सजा दिलाने के लिए स्पीडी ट्रायल चलाने को कहा।
साथ ही डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों से कोर्ट से वारंट, इश्तेहार, कुर्की प्राप्त कर संगठित अपराध गिरोह के विरुद्ध कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अमितेश प्रकाश
