धमतरी, 11 मार्च (हि.स.)। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए नगर निगम ने बुधवार को बालक चौक काम्प्लेक्स के सामने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। लंबे समय से इस क्षेत्र में सड़क किनारे जूता-चप्पल और फल के ठेले लगाए जा रहे थे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। भीड़भाड़ के कारण यहां कई बार जाम जैसी स्थिति भी बन जाती थी।

शिकायतों को ध्यान में रखते हुए नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और सड़क किनारे लगाए गए जूता-चप्पल के टीन टप्पर, कैरेट सहित अन्य सामान को जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान ठेला संचालकों को समझाइश देते हुए सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई।
निगम अधिकारियों ने बताया कि सड़क किनारे ठेले लगाए जाने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। बालक चौक कॉम्प्लेक्स शहर का अत्यंत व्यस्त क्षेत्र है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क किनारे ठेले लगाए जाने से यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी। इसी को देखते हुए निगम की टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की है। प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी शशांक मिश्रा ने संबंधित ठेला संचालकों से कहा कि भविष्य में इस स्थान पर दोबारा ठेला लगाए जाने की स्थिति में सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी समय-समय पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। कार्रवाई के दौरान नगर निगम के कर्मचारी मौजूद रहे।
लगातार चले अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई:
शहर के शैलेन्द्र देवांगन, धीरज साहू, पवन साहू ने कहा कि, नगर निगम को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार चलानी चाहिए। इससे अतिक्रमण पर रोक लगेगी। शहर के अधिकांश बड़े दुकानदार अपनी निर्धारित दुकान को छोड़कर सड़क तक दुकान के अंदर रखी सामग्रियों को फैला देते हैं, इससे लोगों की आवाजाही बुरी तरह से बाधित होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
