धमतरी, 10 फ़रवरी (हि.स.)। धमतरी जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत डोकाल के आश्रित ग्राम कोर्रा के ग्रामीण नेटवर्क समस्या, बोर खनन, पानी टंकी निर्माण सहित अन्य मांगो को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंप कर इन समस्याओं को दूर करने की मांग की।

वार्ड पंच गोवर्धन लाल सिन्हा ने बताया कि ग्राम कोर्रा में आज भी नेटवर्क की सुविधा नहीं है। जिसके चलते ग्रामीणों आनलाइन कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही स्कूली बच्चे आनलाइन पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। गांव में किसी के स्वास्थ्य खराब होने पर 108 में काल करने के लिए भी समस्या होती है। जिला प्रशासन से नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने की मांग करते हैं। जल जीवन मिशन अंतर्गत पानी टंकी निर्माण एवं पाइप लाइन विस्तार का कार्य दो वर्षों से बंद पड़ा है। आगामी गर्मी सीजन को देखते हुए पानी टंकी को शुरू किया जाए। गर्मी में गांव के नलकूप सूख जाते है जिसके कारण ग्रामीणों को पेयजल की समस्या होती है। बोर खनन कराने की मांग करते हैं। इस दौरान पदुम लाल नेताम, ईश्वरी, डेमिन साहू, कमला, अगसिया बाई, खिलेश्वरी वर्मा, उमा बाई सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
