
धमतरी , 14 मार्च (हि.स.)।जिले में पांचवीं और आठवीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा 16 मार्च से शुरू हो रही है। 14 मार्च को विकासखंड स्तर पर 144 मुख्य परीक्षा केंद्र के केंद्राध्यक्षों और संकुल प्राचार्यों को परीक्षा सामग्री का वितरण किया गया। इसके बाद सीलबंद पेटी में गोपनीय सामग्री परीक्षा केंद्र के नजदीक के थानों में सुरक्षित रखी गई।

शनिवार को धमतरी ब्लाक के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक कार्यालय में बीईओ लीलाधर चौधरी की मौजूदगी में धमतरी ब्लाक के 39 मुख्य परीक्षा केंद्रों को पांचवीं – आठवीं परीक्षा की गोपनीय सामग्री का वितरण किया गया। गोपनीय सामग्री वितरण के बाद केंद्राध्यक्ष एवं संकुल प्राचार्य सीलबंद पेटी लेकर रवाना हुए। इस पेटी को मुख्य परीक्षा केंद्र के नजदीक के पुलिस थानों और चौकियों में रखा गया। इस दौरान एबीईओ कमलेश ध्रुव, संकुल समन्वयक राजेंद्र प्रसाद सिन्हा, प्रीत चंद गंगेले, संतोष ध्रुव सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी अनुसार कक्षा पांचवीं की केंद्रीकृत वार्षिक परीक्षा में जिले के 543 सरकारी और 73 निजी प्राथमिक स्कूल के कुल 11944 विद्यार्थी के भाग लेंगे। वहीं 370 सरकारी और 91 निजी माध्यमिक स्कूल के कुल 12163 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। जिले के सभी प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। कक्षा पांचवीं की परीक्षा 16 मार्च को गणित विषय के साथ शुरू होगी। वहीं कक्षा आठवीं की परीक्षा 17 मार्च को गणित विषय के साथ शुरू होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
