भाजपा कार्यालय में हुआ महिला सम्मेलन

धमतरी, 11 मार्च (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय धमतरी में महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया तथा महिला सशक्तिकरण और सामाजिक भागीदारी पर विचार व्यक्त किए गए।
कार्यक्रम में प्रदेश कोषाध्यक्ष भारती बांगल, प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू, महापौर रामू रोहरा, पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद, भाजपा जिला महामंत्री महेन्द्र पंडित और राकेश साहू, नगर निगम सभापति कौशल्या देवांगन तथा अर्चना चौबे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए भारती बांगल ने कहा कि महिला शक्ति के विकास से ही विकसित भारत का सपना साकार हो सकता है। उन्होंने महिलाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज के पिछड़े वर्गों को सामाजिक न्याय दिलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
महापौर रामू रोहरा ने कहा कि आज देश में महिला शक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और भाजपा की विकास यात्रा में मातृशक्ति का विशेष योगदान है। प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने महिलाओं को समाज की धुरी बताते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण की नींव परिवार और समाज में महिलाओं की भूमिका से ही मजबूत होती है। पिछड़ा वर्ग आयोग अध्यक्ष नेहरू निषाद ने महिलाओं से शासन की योजनाओं और अधिकारों की जानकारी लेकर समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान समाजसेवा, खेल, स्वच्छता और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं का सम्मान किया गया। इनमें संगीता देवांगन, ममता खालसा, काजल मंजवानी, जानकी गुप्ता, लक्ष्मी सोनी, रूपल लोढ़ा, अंकिता मिश्रा, वंदना बंजारे, रूपाली निषाद, गंगा यादव, दीपिका सोनी, यशोदा सोनकर सहित कई महिलाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, स्वसहायता समूहों की महिलाओं और भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का स्वागत भाषण अनिता यादव ने दिया, संचालन प्रियंका सिन्हा ने किया और आभार प्रदर्शन कविता यादव ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
