गोलाघाट (असम), 16 अप्रैल (हि.स.)। गोलाघाट जिला के देरगांव के धरमपुर गांव में स्थित नामघर (पूजा स्थल) में बीती रात चोरी की घटना प्रकाश में आई है। इसको लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर चोरों की तलाश में जुटी गई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया है कि बीती रात देरगांव में एक सनसनीखेज चोरी की घटना हुई। देरगांव के राजस्व चक्र अंतर्गत मिठामरा मौजा के धरमपुर गांव में स्थित नामघर में चोरों का एक गिरोह घुसकर लूटपाट की।
नामघर के गुरु आसन पर रखे सोने-चांदी के आभूषण, नकद धन और दानपात्र को चोर अपने साथ उठाकर ले गए। नामघर के नामघरिया (पुजारी) आज सुबह जब साफ-सफाई करने के लिए अंदर गए तो उन्होंने मनिकूट के दरवाजे के कुछ हिस्से को टूटा हुआ पाया। चोरों ने पैसे की तलाश में नामघर के कीर्तन की पुस्तकों को भी बर्बाद कर दिया।
नामघर में नामघरिया ने बताया कि जब बीते बुधवार की देर शाम को दीपक जलाया था, तब सब कुछ ठीक था। उसके तुरंत बाद यह घटना हुई। बिहू के दिन हुई इस चोरी की घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। देरगांव पुलिस हरिमंदिर में पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने गांव वालों को आश्वासन दिया है कि चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। नामघरिया की ओर से इस संबंध में एक प्राथमिकी भी दर्ज कराई गयी है।—————–
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
