धार, 09 फ़रवरी (हि.स.)। सोने और चांदी के दामों में आए ऐतिहासिक उतार-चढ़ाव ने धार जिले के सराफा बाजार में हड़कंप मचा दिया है। चांदी की कीमतों में हुई बेतहाशा वृद्धि और फिर उसी रफ्तार से आई गिरावट ने व्यापारियों को संकट में डाल दिया है। इस तनावपूर्ण स्थिति के बीच शहर के बनियावाड़ी क्षेत्र में एक सराफा व्यापारी द्वारा आत्महत्या किए जाने के बाद व्यापारियों का गुस्सा फूट पड़ा है।

धार एक आदिवासी बहुल जिला है, जहां चांदी के गहनों की मांग और लेन-देन काफी अधिक रहता है। व्यापारियों का कहना है कि पूर्व में जो चांदी बेची गई थी, अब भाव बढ़ने के बाद कई ग्राहक उसे गिरवी बताकर वापस मांग रहे हैं या पुरानी कीमतों पर दबाव बना रहे हैं। इसी मानसिक प्रताड़ना और विवादों से तंग आकर कल श्री हरि ज्वेलर्स के संचालक हरिराम अग्रवाल ने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।

सराफा संघ ने पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
घटना के विरोध में सराफा व्यापारी संघ धार ने सोमवार को पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। संघ के अध्यक्ष मुकेश सोनी और सचिव सागर अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने मांग की है कि पुराने बिक्री के मामलों को गिरवी का रूप देकर व्यापारियों पर झूठी शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं। प्रशासन बिना जांच और संगठन को विश्वास में लिए कोई एफआईआर दर्ज न करे।
जिले भर के व्यापारियों में भय का माहौल है। प्रशासन ऐसा वातावरण निर्मित करे ताकि व्यापारी शांतिपूर्ण तरीके से अपना व्यापार और जीवन निर्वाह कर सकें। व्यापारियों की चेतावनी व्यापारियों का कहना है कि ग्राहकों के अनुचित दबाव के कारण उनका रूटीन कार्य ठप हो गया है और वे मानसिक तनाव में जी रहे हैं। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में व्यापारियों का उत्पीड़न नहीं रुका, तो वे उग्र आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
————
हिन्दुस्थान समाचार / Gyanendra Tripathi
