धौलपुर, 12 मार्च (हि.स.)। मध्य-पूर्व देशों के बीच चल रहे संकट के बावजूद जिले में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य और निर्बाध है। जिले में प्रतिदिन की मांग के अनुसार गैस उपलब्ध है और उपभोक्ताओं तक नियमित रूप से पहुंचाई जा रही है।

मीडिया से बातचीत में जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने बताया कि गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध रिफिलिंग रोकने के लिए प्रशासन कड़ी निगरानी रख रहा है। घरेलू गैस के दुरुपयोग को रोकने के लिए 77 विजिलेंस टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार निरीक्षण कर रही हैं। उन्होंने बताया कि एक बार बुकिंग के बाद उपभोक्ताओं के लिए 25 दिन का प्रतीक्षा काल निर्धारित किया गया है। केंद्र और राज्य सरकार के निर्देशानुसार व्यावसायिक कनेक्शनों पर घरेलू गैस की आपूर्ति पर प्रतिबंध लगाया गया है।
इसी संबंध में जिला कलेक्टर की अध्यक्षता में गैस आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें गैस एजेंसियों, ऑयल कंपनियों और संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर सिलेंडरों के स्टॉक और वितरण की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शैक्षणिक संस्थानों, अस्पतालों और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े संस्थानों में गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित रखने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने आमजन से अपील की कि वे अफवाहों से बचें और गैस सिलेंडरों का अनावश्यक भंडारण न करें। यदि कहीं जमाखोरी या कालाबाजारी की सूचना मिले तो जिला नियंत्रण कक्ष के दूरभाष नंबर 05642-220033 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। इस अवसर पर विकास सांगवान, अतिरिक्त जिला कलेक्टर हरिराम मीना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप
