धौलपुर, 11 मार्च (हि.स.)। तीर्थराज मचकुंड क्षेत्र में बुधवार को आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में 66 जोडे परिणय बंधन में बंध गए। समाजसेवी अनिल अग्रवाल की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में हिंदू-मुस्लिम-सिख भाईचारे की मिसाल भी देखनें को मिली। समारोह में कुल 66 वर एवं कन्याओं में 47 हिंदू, 9 मुस्लिम और 10 सिख समाज से थे। सामूहिक विवाह समारोह में सभी धर्मों की परंपराओं के अनुसार अलग-अलग पंडालों में परिणय की रस्में संपन्न कराई गईं। हिंदू जोड़ों ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लिए तथा मुस्लिम जोड़ों का निकाह कबूलनामा के साथ हुआ। वहीं, सिख जोड़ों ने गुरवाणी के साथ एक-दूसरे का हाथ थामा।

समारोह में मौजूद जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी, आयोजक अनिल अग्रवाल तथा प्राचीन लाडली जगमोहन मंदिर के महंत कृष्णदास महाराज सहित अन्य ने वर-वधुओं को आर्शीवाद दिया। महंत कृष्णदास ने बताया कि समाजसेवी अनिल अग्रवाल की ओर से सभी नवदंपतियों को गृहस्थी का पूरा सामान दान-दहेज के रूप में दिया गया है। इसमें कपड़े, आवश्यक घरेलू सामान और आभूषण शामिल हैं। प्रत्येक जोड़े को लगभग साढ़े तीन लाख रुपये तक का घरेलू सामान प्रदान किया गया है। यह अनिल अग्रवाल द्वारा आयोजित आठवां सामूहिक विवाह सम्मेलन है। इससे पूर्व सात सम्मेलनों के माध्यम से 511 गरीब कन्याओं का विवाह संपन्न करा चुके हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप
