कोलकाता, 14 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को नंदीग्राम दिवस और किसान दिवस के अवसर पर नंदीग्राम, सिंगूर और नेताई सहित दुनिया भर के सभी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और राज्य के किसानों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।

ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में कहा कि नंदीग्राम के कृषि भूमि आंदोलन के शहीदों की स्मृति में हर वर्ष इस दिन को ‘किसान दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने सभी किसान भाइयों-बहनों और उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान राज्य और देश की शान हैं और वही अन्नदाता हैं, इसलिए उनकी हर जरूरत में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ‘कृषकबंधु (नया)’ योजना के तहत किसानों को वित्तीय सहायता प्रदान कर रही है। इस योजना के अंतर्गत किसान, बर्गादार और बटाईदारों को सालाना 10 हजार रुपये दिए जाते हैं, जबकि कम जमीन वाले किसानों को न्यूनतम चार हजार रुपये की सहायता दी जाती है। यह राशि दो किस्तों में खरीफ और रबी मौसम के दौरान सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस योजना के तहत अब तक कुल 30,051 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दी जा चुकी है और 1.14 करोड़ से अधिक किसान, बर्गादार और बटाईदार इससे लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने बताया कि अब खेत मजदूरों को भी साल में दो किस्तों में चार हजार रुपये की सहायता दी जा रही है और करीब 28 लाख आवेदकों के बैंक खातों में आठ मार्च से राशि भेजना शुरू कर दिया गया है।
ममता बनर्जी ने कहा कि ‘कृषकबंधु (मृत्युजनित सहायता)’ योजना के तहत 1.70 लाख से अधिक किसान परिवारों को लाभ मिला है और इस मद में 3,419 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि ‘बांग्ला शस्य बीमा योजना’ के तहत बीमा प्रीमियम का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करती है। अब तक 1.15 करोड़ किसानों को 4,005 करोड़ रुपये से अधिक का मुआवजा दिया गया है।
इसके अलावा कृषि यंत्रीकरण परियोजना के तहत 6.01 लाख से अधिक कृषि उपकरण किसानों में वितरित किए गए हैं और 1,321 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए गए हैं। राज्य में 2,525 कृषि यंत्र किराया केंद्र भी स्थापित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फसलों की कम कीमत पर बिक्री रोकने के लिए राज्य सरकार न्यूनतम समर्थन मूल्य पर धान खरीद रही है और इस वर्ष 70 लाख मीट्रिक टन धान खरीदने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी राज्य सरकार किसानों के साथ इसी तरह खड़ी रहेगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
