रायपुर, 3 अप्रैल (हि.स.)। कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने नक्सल उन्मूलन में संदर्भ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बयान को दुर्भाग्यपूर्ण और संवेदनहीन बताया है।

कश्यप ने कहा कि, जहां भाजपा की डबल इंजन सरकार द्वारा किए गए नक्सल उन्मूलन की देश भर में प्रशंसा हो रही है, वहाँ भूपेश बघेल का यह कहना कि सुरक्षा बलों को बस्तर से वापस बुला लिए जाय ऐसा है मानो बघेल चाह रहे हों कि वहाँ के आदिवासी असुरक्षित हो जाएँ ताकि उनको नुक़सान पहुँचा कर फिर से बघेल अपनी राजनीतिक रोटी सेंक सके।
कश्यप ने कहा कि बघेल कोई आंतरिक सुरक्षा मामलों के विशेषज्ञ नहीं हैं, बेहतर हो कि इस पर राजनीतिक टिप्पणी नहीं करें। जिन्होंने कांग्रेस पोषित आतंक को पूरी तरह समाप्त करने का ऐतिहासिक और चमत्कारिक काम किया है, उन्हें यह भी बेहतर पता होगा कि कब सुरक्षा बलों को रखना है या कब हटाना है। कश्यप ने कहा कि सुरक्षा बलों को अभी हटाने की बात कहना बदनीयती के अलावा और कुछ नहीं है। बघेल को ऐसी टिप्पणियों से बचना चाहिए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर
