कोडरमा, 26 फ़रवरी (हि.स.)। नगर निकाय चुनाव के नतीजे शुक्रवार को आयेंगे। इसके इंतजार में उम्मीदवारों की धड़कन बढ़ी हुई है। चुनाव परिणाम के एक दिन पहले अपनी दमदार उपस्थिति रखने वाले अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों ने मतगणना अभिकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्हें प्रशिक्षण भी दिया गया ताकि गणना के दौरान कोई गड़बड़ी न हो।

जिले के तीनों निकाय झुमरीतिलैया नगर परिषद, कोडरमा नगर पंचायत और डोमचांच नगर पंचायत में अभी भी अपने समीकरण को लेकर जीत के दावे किए जा रहे हैं।

इस बार के चुनाव में खास बात यह रही कि वोटरों की खामोशी ने उम्मीदवारों की धड़कनें आखिरी पल तक बढ़ाए रखी। चुनावी समीकरण को समझने वाले भी गणित बैठाने में फेल होते रहे। झुमरीतिलैया नगर परिषद में मुकाबला दिलचस्प दिखा। यहां भाजपा समर्थित पंकज बर्णवाल, रमेश हर्षधर, राजेन्द्र जायसवाल और मनोज यादव में किसी के पक्ष में परिणाम जाने की सम्भावना है। इनमें पंकज बर्णवाल के पार्टी समर्थित होने और सभी बूथों पर मौजूदगी- बेहतर परिणाम दे सकता है। वहीं कोडरमा नगर पंचायत में साजिद हुसैन, राजेश कुमार सिंह और भाजपा समर्थित प्रत्याशी कांति देवी के बीच मुख्य मुकाबला है।
चुनाव परिणाम भी इन्हीं तीनों में से किसी के पक्ष में आने की उम्मीद है। हालांकि जानकार साजिद हुसैन के पक्ष में बेहतर सम्भावना की बात कह रहे हैं, जबकि डोमचांच नगर पंचायत में भाजपा समर्थित उमेश वर्मा और पप्पू मेहता में से किसी एक के बाजी मारने की सम्भावना है। नगर निकाय चुनाव में खास बात यह रही कि किसी मतदाता ने अपनी पसंद और नापसंद उजागर नहीं की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर
