वाराणसी, 14 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में नमो घाट पर होने वाली आरती देखने में लोगों की रुचि बढ़ने लगी है। इसके लिए दूरदराज से आने वाले लोग घाट पर आरती के समय तक प्रतीक्षा कर रहे हैं।

घाट पर तेज धूप से बचते हुए एक बोर्ड के नीचे बैठे श्रद्धालुओं ने शनिवार को बताया कि वे सभी चंदौली से वाराणसी आए हैं। चंदौली से आते हुए सबसे पहले नमो घाट ही पड़ता है, यहां की गंगा आरती देखने के लिए वे प्रतीक्षा कर रहे हैं। गंगा आरती देखने के बाद अपने घर को लौट जाएंगे। उन्होंने बताया कि वाराणसी में दशाश्वमेध घाट और अस्सी घाट पर होने वाली आरती भी उन लोगों ने बहुत पहले देखी है। उन्हें गंगा आरती देखना बेहद पसंद है।
परिवार के साथ घूमने आए अजीत ने बताया कि देश की सांस्कृतिक राजधानी में बने नमो घाट का अपना अलग ही महत्व है। यह स्थान पूरी तरह से पर्यटन का क्षेत्र बना हुआ है। वह जब भी अपने परिवार के साथ आते हैं तो घूमने फिरने के बाद गंगा आरती देखते हैं। घाट पर क्रूज देखने, चटपटी चीज खाने और राउंड बाल में खड़ा होकर फोटो खिंचवाना उन्हें पसंद है।
टूरिस्ट गाइड गौरव ने बताया कि देश या विदेश से आने वाले पर्यटकों को अब नमो घाट में रुचि बढ़ी है। यहां का वातावरण पर्यटकों को लुभाता है। गंगा आरती भी उसमें विशेष है। नमो घाट आने वाले पर्यटकों को प्रकृति का पूरा आनंद यहां प्राप्त होता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शरद
