-एसजीपीजीआई के बीएससी नर्सिंग 2025-26 बैच का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न

लखनऊ, 02 फरवरी (हि.स.)। संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान के कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा सोमवार को संस्थान के सी वी रमन सभागार में बीएससी नर्सिंग के 16वें बैच के छात्रों का शपथ ग्रहण समारोह तथा कॉलेज ऑफ नर्सिंग का 17वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रथम वर्ष की नर्सिंग छात्राओं ने ज्ञान के दीपक प्रज्वलित किए और पारंपरिक शपथ ग्रहण समारोह में शपथ ली।

प्रोफेसर शालीन कुमार ने कॉलेज ऑफ नर्सिंग के स्थापना दिवस पर छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि नर्सिंग में पेशेवर दक्षता, करुणा और आत्म-अनुशासन की आवश्यकता होती है। उन्होंने छात्रों को योग सत्र में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया ताकि वे अपने शरीर और मन के बीच अच्छा संतुलन बनाए रख सकें।
विशिष्ट अतिथि डॉ. अशोक कुमार बिश्नोई ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि नर्सिंग प्रवेश परीक्षा में 12 लाख छात्र शामिल हुए और सर्वश्रेष्ठ छात्रों ने कॉलेज ऑफ नर्सिंग में प्रवेश लिया। छात्रों को जिम्मेदार और अपनी पढ़ाई के प्रति सक्षम होना चाहिए, पाठ्यपुस्तकों का अध्ययन करना चाहिए, नोट्स बनाने चाहिए और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करना चाहिए।
कर्नल वरुण बाजपेयी, कार्यकारी रजिस्ट्रार ने छात्रों को मानवीय मूल्यों और एक अच्छे इंसान होने के सार को नहीं भूलने के लिए प्रेरित किया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर देवेंद्र गुप्ता ने रोगी देखभाल में नर्सों की महत्वपूर्ण भूमिका को स्वीकार करते हुए कहा कि नर्सिंग छात्रों में अनुशासन अत्यंत आवश्यक है।
संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक प्रोफेसर आर. हर्षवर्धन ने कहा कि नर्सिंग कॉलेज के लिए स्वयं के मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) विकसित करें और स्वयं को समृद्ध करें। समारोह का शुभारंभ नर्सिंग महाविद्यालय की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अंजू वर्मा के स्वागत भाषण से हुआ, जिसके बाद प्रिंसिपल डॉ. राधा के. द्वारा नर्सिंग महाविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट (2024-2025) प्रस्तुत की।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन
