वाराणसी, 16 मार्च(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में सिगरा क्षेत्र अंतर्गत स्मार्ट सिटी की सभागार में महापौर अशोक तिवारी ने सोमवार को बैठक कर नवरात्रि को लेकर विशेष अभियान चलाने और शहर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। महापौर ने कहा कि नवरात्रि के पावन अवसर पर सभी देवी मंदिरों के आसपास स्वच्छता कार्य होना बेहद आवश्यक है। इसके लिए स्वच्छता कर्मचारी पूरी तरह से अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे। देवी मंदिरों के चारों तरफ कहीं भी कूड़ा का ढेर नहीं लगने देंगे।

महापौर ने कहा कि नवरात्रि में श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखकर मांसाहार की दुकानों को बंद कराया जाएगा। मुर्गा मीट की दुकान पूरी तरह से बंद रहेगी। इसके लिए नगर निगम के जोन स्तर पर अधिकारियों को दुकानों को चिन्हित करना है और उन्हें पहले से नोटिस कर देनी है। साथ ही प्रमुख देवी मंदिरों तक जाने वाले मार्गों का तुरंत निरीक्षण कर खराब सड़कों को दुरुस्त करना है। सड़कों के किनारे नियमित रूप से चूना का छिड़काव कराया जाएगा। गंदगी या गंदे पानी को कहीं भी रुकने ठहरने नहीं देना है।
बैठक में नगर आयुक्त हिमांशु के अलावा स्मार्ट सिटी एवं नगर निगम के अधिकारी गण उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / शरद
