सीवान, 26 मार्च (हि.स.)।चैत नवरात्र के शुभ अवसर पर गुरुवार को होटल सफायर इन में विशेष फलाहार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन और मां दुर्गा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे शामिल हुए। लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि नवरात्र हिंदू समाज की आस्था और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। वर्ष में दो बार आने वाले नवरात्र में श्रद्धालु मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा-अर्चना करते हैं और उनसे साहस, समृद्धि एवं कल्याण की कामना करते हैं। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में लोग उपवास रखकर फलाहार करते हैं, जो न केवल धार्मिक आस्था बल्कि अनुशासन और आत्मसंयम का भी प्रतीक है.मंत्री ने बताया कि इस तरह के फलाहार कार्यक्रमों का सार्वजनिक आयोजन समाज में धार्मिक चेतना को बढ़ाने का एक सशक्त माध्यम बन सकता है।
मंगल पांडे ने कहा कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी इस आयोजन को सफलतापूर्वक आयोजित किया गया है और भविष्य में इसे और व्यापक रूप देने की आवश्यकता है। उन्होंने इच्छा जताई कि नवरात्र के नौ दिनों तक शहर और जिले के विभिन्न स्थानों पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी रहे। कार्यक्रम के प्रारंभ में पंडित रंगनाथ उपाध्याय द्वारा मंगलाचरण के बीच मां जगदम्बे के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। स्वास्थ्य मंत्री ने उपस्थित गणमान्य जनों के साथ संवाद कायम किया। डॉक्टर रूपेश कुमार ने स्वास्थ्य मंत्री सहित अन्य आगत अतिथियों का स्वागत किया।
मौके पर उपलब्ध फलाहार का उपस्थित गणमान्यजनों ने श्रद्धापूर्वक सेवन किया। कार्यक्रम का संचालन जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष संजय पांडेय ने किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
