मीरजापुर, 11 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जनपद में आगामी चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों के बीच मां विंध्यवासिनी मंदिर सहित आसपास के मंदिरों में रखी दान पेटिकाओं को बुधवार को खोलकर उनमें जमा धनराशि की गणना की गई। गणना प्रक्रिया नायब तहसीलदार गरिमा यादव के नेतृत्व में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में संपन्न कराई गई।

विंध्य विकास परिषद द्वारा विंध्यवासिनी मंदिर प्रांगण, परिक्रमा पथ, काली खोह मंदिर तथा अष्टभुजा मंदिर में स्थापित कुल 27 दान पेटिकाओं को गणना के लिए खोला गया। दान पेटिकाओं से निकली धनराशि की गिनती मां विंध्यवासिनी मंदिर की छत पर स्थित श्री विंध्य पंडा समाज के कार्यालय में पुलिस सुरक्षा के बीच की गई।
गणना के दौरान दान पेटिकाओं से कुल 20 लाख 96 हजार 980 रुपये प्राप्त हुए। प्राप्त धनराशि को विंध्य विकास परिषद के पदेन अध्यक्ष जिलाधिकारी के माध्यम से भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में जमा कराया गया।
गणना कार्य के दौरान विंध्य विकास परिषद के लिपिक ईश्वर दंत त्रिपाठी, आमीन संग्रह सूरज सोनकर, विजय शंकर दुबे, हरेंद्र दुबे, राकेश सोनकर, अनिल सोनकर, चंद्रमणि तिवारी, विजय श्याम पांडेय, शमशेर अली, महबूब आलम सहित राजस्व विभाग के कई अमीन और कर्मचारी मौजूद रहे।
नवरात्र मेले से पहले दान पेटिकाओं की गणना को लेकर मंदिर परिसर में दिनभर गतिविधियां जारी रहीं।
अधिकारियों का कहना है कि मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना को देखते हुए मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है, ताकि दर्शन-पूजन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
