उधम सिंह नगर, 31 जनवरी (हि.स.)।

उधम सिंह नगर पुलिस और एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स यूनिट ने शुक्रवार की रात किच्छा क्षेत्र से नशा तस्कर शाहनवाज को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक किलो 33 ग्राम स्मैक बरामद की, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 3 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी क्राइम निहारिका तोमर ने बताया कि शाहनवाज यह स्मैक उत्तर प्रदेश के बहेड़ी क्षेत्र से भइया नामक व्यक्ति से लाया था और इसे सितारगंज के हरजिंदर सिंह को सप्लाई करना था। उन्होंने कहा कि शाहनवाज कुमाऊं क्षेत्र में हेरोइन का बड़ा सप्लायर है और ड्रग पैडलरों में इसकी हेरोइन की काफी मांग है।
पुलिस और एसटीएफ एंटी नारकोटिक्स यूनिट पिछले दो वर्षों से शाहनवाज की सक्रियता पर नजर रखे हुए थे।
हिन्दुस्थान समाचार / विजय आहूजा
