फिरोजाबाद, 21 फ़रवरी (हि.स.)। थाना दक्षिण पुलिस टीम ने शनिवार को एक महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्ता ने एक नाबालिग को नशीला लड्डू खिलाकर उसे अपहृत किया और फिर मथुरा ले जाकर अपने भाई से उसकी शादी करा दी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने पुलिस को जनपद में अपहृण की घटनाओं के अतिशीघ्र खुलासे के निर्देश दिए है। इसी के क्रम में थाना प्रभारी दक्षिण योगेंद्र पाल सिंह ने पुलिस टीम के साथ शनिवार को अभियुक्ता कल्लो उर्फ सीमा पत्नी लाला नागर हाल निवासी गौशाला व ट्रांसफार्म के पान झोपडी थाना सासनी गेट जनपद अलीगढ, मूल निवासी ग्राम तैयापुर थाना जमुना पार जनपद मथुरा को गिरफ्तार किया है।

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्ता ने एक नाबालिग को नशीला लड्डू खिला दिया तथा अपने पति के सहयोग से वह नाबालिग को मथुरा ले गई। जहां उसने नाबालिग की अपने भाई भूपेन्द्र पुत्र सपडा निवासी रोशन विहार कालौनी लक्ष्मी नगर थाना जमुनापार जनपद मथुरा के साथ शादी करा दी। पीड़िता की मां ने 18 जून 2025 को इस सम्बन्ध में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपित फरार थी। जिसे गिरफ्तार कर कार्यवाही करने के न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेजा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़
