पलामू, 12 मार्च (हि.स.)। जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के तलैया बभंडी गांव में गुरूवार को प्रशासन दो नाबालिग जोड़ों की शादी रोकने में विफल साबित हुआ। उग्र भीड़ के आगे प्रशासनिक कार्रवाई संभव नहीं हो पाई और एक दूल्हे को छुड़ा ले जाया गया। दोनों जोड़ों की शादी भी करा दी गयी। मामले में प्रशासन की ओर से जांच तेज की गयी है और एफआईआर दर्ज करने की तैयारी है।

जानकारी के अनुसार तलैया बभंडी के सिद्धिविनायक मंदिर में एक समाज विशेष के दो नाबालिग जोड़ों की शादी होने की सूचना मिली थी। शुरुआत में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रदीप दास, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी अर्चना सिन्हा, सीआई चंद्रशेखर तिवारी, थाना से वीरेंद्र राम दलबल के साथ मौके पर पहुंचे थे। दोनों अलग अलग जोड़ों (लड़का-लड़की) को बुलाकर उनके आधार कार्ड की जांच की गई। इस क्रम में एक लड़का और एक लड़की नाबालिग पाए गए।
प्रशासन ने उनकी शादी रोक दी और कार्रवाई करते हुए शादी करा रहे पंडित और नाबालिक लड़की से शादी कर रहे दूल्हे को हिरासत में ले लिया। प्रशासन गाड़ी में बैठाकर ले जाने लगा। इसकी जानकारी होते ही विवाह स्थल पर मौजूद गांव के लोग उग्र हो गए और गाड़ी को घेर लिया। करीब 01 घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चला। इस क्रम में गाड़ी से दूल्हे को छुड़ा ले जाया गया और हंगामे के बीच दोनों जोड़ों की शादी भी करा दी गई। शादी जैसे तैसे हुई। प्रशासन केवल पंडित को ले जा सका।
भीड़ को नियंत्रित करने में परेशानी होने पर प्रशासन ने जिला और थाना से अतिरिक्त बल की मांग की। सूचना मिलने पर डीएसपी राजीव रंजन, इंस्पेक्टर पूनम टोपनो, थाना प्रभारी श्रीराम शर्मा अतिरिक्त फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन भारी और उग्र भीड़ के आगे उन्हें कोई सफलता नहीं मिली।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रशासनिक कार्रवाई के क्रम में सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों को चिन्हित करके प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और किसी भी कीमत पर उन्हें बख्शा नहीं जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
