मेदिनीपुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के घाटाल में एक 14 वर्षीय छात्रा ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान दिशा पाल (परिवर्तित नाम) के रूप में हुई है, जो दांदीपुर इलाके की निवासी बताई जा रही है और स्थानीय उच्च विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्रा थी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, सोमवार (23 फरवरी) देर रात छात्रा अपने कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली। परिजनों ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मानकर आगे की पड़ताल कर रही है।

सहपाठियों से मिली जानकारी के मुताबिक, छात्रा पिछले कुछ महीनों से एक किशोर के साथ संबंधों को लेकर मानसिक तनाव में थी। बताया जा रहा है कि सोमवार को भी दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद छात्रा ने यह कदम उठाया।
इधर, यह भी दावा किया गया है कि छात्रा ने घटना से पहले अपने मोबाइल फोन में कुछ वीडियो रिकॉर्ड किए थे। पुलिस मोबाइल फोन को जब्त कर जांच कर रही है ताकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।
स्कूल के प्रधान शिक्षक ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सुबह सूचना मिलने के बाद वे छात्रा के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस ने सोमवार रात ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
